झूठे हैं ट्रम्प..!एक घंटे में सात दावे, सभी के सभी गलत- Bagher Ghalibaf

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर ट्रंप बार-बार गलत दावे कर रहे हैं। गालिबाफ के अनुसार, इन बयानों का सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है और इससे हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं। गालिबाफ ने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक ही घंटे में सात दावे किए और सभी के सभी गलत थे। उन्होंने कहा कि झूठे बयानों के आधार पर न तो कोई युद्ध जीता जा सकता है और न ही बातचीत में सफलता हासिल की जा सकती है। उनका मानना है कि इस तरह की बयानबाजी से दोनों देशों के बीच भरोसा कम होता है।
जलडमरूमध्य को खुला रखना मुश्किल-गालिबाफ
उन्होंने खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र किया, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर ईरान पर दबाव और नाकेबंदी जारी रही, तो इस जलडमरूमध्य को खुला रखना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने साफ कहा कि यहां से गुजरने वाले जहाजों को तय नियमों का पालन करना होगा और इसके लिए ईरान की अनुमति जरूरी होगी। ईरानी नेता ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा या बंद, इसका फैसला सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों से नहीं, बल्कि जमीनी हालात के आधार पर होगा। उन्होंने अमेरिका के बयानों को विरोधाभासी और भ्रामक बताया।



