
जशपुर। प्रदेश में चर्चित सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो एवं नायब तहसीलदार से जुड़े विवाद ने अब नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज राजस्व पटवारी संघ ने भी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
राजस्व पटवारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि संघ इस घटना की कड़ी निंदा करता है। संघ के अनुसार यह मामला केवल एक शासकीय कर्मचारी की गरिमा पर प्रहार नहीं है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने जैसा गंभीर कृत्य है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस घटना के बाद राजस्व कर्मचारियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है, जिससे उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल गिरफ्तारी सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। संघ का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो जाएंगे।
ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की सभी मांगों का पूर्ण समर्थन करता है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वह किसी भी समय बिना पूर्व सूचना के आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पटवारी संघ जशपुर के अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, संरक्षक अशोक मांझी, संगठन मंत्री भगवती चरण टंडन, चंद्रशेखर पटेल, यशवंत स्वर्णकार सहित जिले के अनेक पटवारी उपस्थित रहे। इस घटनाक्रम के बाद मामले को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है और अब सभी की निगाहें शासन एवं प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



