🔥बड़ी ख़बर:- रायगढ़ में भू-माफ़ियाओं का दुस्साहस सातवें आसमान पर: केलो नदी के भीतर निर्माण,धारा मोड़कर जमीन कब्जाने की कोशिश…


ग्राम बोईरडीह, पटवारी हल्का नंबर 8, मेडिकल कॉलेज रोड, रायगढ़ का है मामला…
केलो नदी की कलकल बहती धारा के भीतर कथित अतिक्रमण हेतु निर्माण की गतिविधि चल रही है…
रायगढ़ में भू-अतिक्रमण का एक और गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम नावापाली- बोईरडीह क्षेत्र में केलो नदी की सक्रिय धारा को मोड़ने के लिए नदी मद की भूमि के भीतर लोहे के सरियों से नींव जैसी संरचना खड़ी की गई है। मौके पर रेत की अस्थायी बांधनुमा व्यवस्था, पानी हटाने के लिए पंप और निर्माण सामग्री दिखाई दे रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार किसी कैलाश अग्रवाल नामक व्यक्ति के द्वारा जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में “फार्म हाउस” के नाम पर बेचा गया है तथा और अब नदी मद की भूमि पर कब्ज़े की कोशिश की जा रही है।
प्राथमिक दृश्य साक्ष्यों से संकेत मिलता है कि नदी के प्रवाह को अस्थायी रूप से मोड़कर निर्माण की तैयारी की गई। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र राजस्व अभिलेखों में नदी मद की भूमि के रूप में दर्ज है।इस प्रकार यह मामला पर्यावरणीय और राजस्व कानूनों के गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आ सकता है। जांच होने पर और भी अनियमितताएँ सामने आने की आशंका जताई जा रही है।



