नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल…

जशपुर जिले के थाना बगीचा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 70(2) एवं पॉस्को एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध दर्ज किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर सुनसान मकान में ले जाकर दुष्कर्म किया, जबकि उसका साथी बाहर पहरेदारी कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें अपराध स्वीकार किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


