अरविंद केजरीवाल से प्रशांत किशोर की तुलना; चिराग पासवान बोले- ऐसी राजनीति दिल्ली में देखी थी

पटना. लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने ‘मित्र’ और जन सुराज पार्टी (जेएसपी) के सुप्रीमो प्रशांत किशोर की तुलना दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल से कर दी है। प्रशांत ने हाल के दिनों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के दो प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के 5 नेताओं सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी, मंगल पांडेय, दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों पर चिराग ने केजरीवाल का नाम लिए बिना कहा कि ऐसी राजनीति दिल्ली देख चुकी है।
चिराग पासवान ने कहा- “प्रशांत किशोर एक के बाद एक के बाद एक के बाद एक कई आरोप पर आरोप लगा रहे हैं। सही मायनों में कुछ तथ्यों के साथ वो जानकारी साझा कर रहे हैं या सिर्फ आरोप लगा रहे हैं। मैं मानता हूं कि ये तमाम बातें जांच का विषय हैं। ऐसी राजनीति एक बार हम लोगों ने दिल्ली में भी देखी थी। जब दिल्ली में भी मुख्यमंत्री बनने से पहले आम आदमी पार्टी के एक नेता आए थे और आरोपों की सूची लगा दी थी। उसके बाद जब वक्त आया कि उस सूची पर वो कार्रवाई कर सकें तो उन्होंने एकदम खामोशी साध ली थी।”
चिराग पासवान ने प्रशांत किशोर के आरोपों के जवाब में मानहानि के मुकदमे और नोटिस का जिक्र करते हुए कहा- “मुझे नहीं पता किन तथ्यों के साथ प्रशांत किशोर इन बातों को सामने रख रहे हैं। मैं मानता हूं कि जिन-जिन पर आरोप लगाए गए हैं, वो पूरी तरीके से सक्षम हैं अपना पक्ष रखने के लिए। उनमें से कुछ नेताओं ने मानहानि का दावा भी किया है। और जो स्पष्टीकरण की जरूरत पड़ेगी। समय-समय पर ये आरोप लगाएंगे, वो जवाब देंगे। दूध का दूध, पानी का पानी, अपने आप होगा।”




