विविध समाचार
सड़क सुरक्षा को लेकर साप्ताहिक बाजार में जागरूकता अभियान…

जशपुर :- ऊपरकछार पुलिस चौकी प्रभारी भुनेश्वर भगत के नेतृत्व में सोमवार को साप्ताहिक बाजार सिंगीबहार में सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार में मौजूद आमजन, वाहन चालकों और दुकानदारों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन न चलाने, सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, तथा ओवर स्पीड पर रोक जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से समझाइश दी गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की जान की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। जनजागरूकता अभियान के दौरान लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की ।




