देश विदेश

मोदी ने मडिगा समुदाय के साथ भाजपा के अटूट समर्थन की घोषणा की

हैदराबाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्याय के लिए तीन दशकों से लंबा संघर्ष करने वाले मडिगा समुदाय के प्रति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अटूट समर्थन की घोषणा की।

सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में शनिवार को एक विशाल जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि “पिछले 30 वर्षों से तेलंगाना में मडिगा के खिलाफ अन्याय जारी है। मैंने स्वं बंगारू लक्ष्मण के अधीन एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया है। मैं उस अहिंसक आंदोलन के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करता हूं जिसने तीन दशकों से हमें भावनात्मक रूप से छुआ है।”

उन्होंने कहा कि “भारत सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए अदालत में आपके साथ खड़ी रहेगी, इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। भाजपा पिछले 30 वर्षों से आपके साथ है। हम इसके लिए एक समिति का गठन करेंगे। केवल भाजपा ही तेलंगाना में सामाजिक न्याय सुनिश्चित कर सकती है। कृष्णा मेरे नेता हैं और मैं इस मुद्दे पर लड़ने में उनका सहायक बनूंगा।”

श्री मोदी ने ‘सबका साथ सबका विकास’ और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए पिछली सरकारों और भाजपा के बीच मतभेदों को रेखांकित किया। उन्होंने कृष्णा मडिगा के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया और बीआरएस सरकार पर मडिगा समुदाय पर अन्याय करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “बीआरएस सरकार ने समाज के सभी वर्गों को धोखा दिया है। सिंचाई परियोजनाओं की योजना एक घोटाले में बदल गई और किसानों को कोई लाभ प्राप्त नहीं हुआ। दलित बंधुओं को तीन एकड़ जमीन देने के वादे को लागू नहीं किया गया, जिसमें केवल बीआरएस विधायकों के रिश्तेदारों को फायदा हुआ, यहां तक कि अदालत ने भी उनकी आलोचना की। यह दलित विरोधी सरकार है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी इसी तरह की कमियां है।

उन्होंने कहा, “दलित नेताओं के खिलाफ प्रचार करना, संसद में बीआर अंबेडकर की तस्वीर का अनावरण नहीं होने देना और रामनाथ कोविंद और द्रौपदी मुर्मू जैसे दलितों की नियुक्तियों का विरोध करना कांग्रेस के ऐतिहासिक रुख को दर्शाता है। केवल भाजपा ही तेलंगाना में सामाजिक न्याय की गारंटी दे सकती है।”

बीआरएस और कांग्रेस दोनों पर समान रूप से भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए, श्री मोदी ने दावा किया कि बीआरएस सरकार ने शराब घोटाले में दिल्ली की आम आदमी पार्टी के साथ सहयोग किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों एक-दूसरे के विरोधी दिखाई देते हैं लेकिन पर्दे के पीछे एक-दूसरे का सहयोग करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को इन राजनीतिक दलों से सावधान रहने के लिए आह्वान किया और तेलंगाना में सामाजिक न्याय के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button