छत्तीसगढ़प्रादेशिक समाचार

गोठान योजना का उद्देश्य भ्रष्टाचार करना था जनहित नहीं : किरण देव

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भाजपा अब नगरीय निकाय और उसके बाद होने वाले त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में भी विजय हासिल करने के लिए जुट गई है। भाजपा ने इसके लिए तीन माह की कार्ययोजना बनाई है। राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भाजपा लोगों तक लेकर पहुंचेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने एकात्म परिसर में पत्रकारों से बातचीत में तीन माह की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति की बुधवार को हुई बैठक काफी महत्वपूर्ण रही। बैठक में पूरे प्रदेशभर से पार्टी के 1500 से अधिक पदाधिकारी पहुंचे थे। इसमें निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने गौठान और रोका-छेका योजना का अमल नहीं होने के कारण मवेशियों की हो रही मौत से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि किसी भी योजना की क्रियाविधि की दिशा में एक अलग योजना बनानी होती है। भूपेश सरकार को गौठान योजना में के लिए बजट का प्रविधान कर संकल्प पारित करना चाहिए था। इसमें कांग्रेस सरकार फेल हुई है, क्योंकि उद्देश्य भ्रष्टाचार करना था जनहित नहीं।

निगम-मंडलों और मंत्रिमंडल के पुनर्गठन से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय इस पर विचार विमर्श कर रहे हैं और शीघ्र ही इसका कुछ न कुछ निर्णय होगा। मंत्रिमंडल का विस्तार भी जल्द होगा। हालांकि, यह दोनों विषय मुख्यमंत्री का है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पहले चुनाव प्रत्यक्ष रूप से होता था। महापौर व अध्यक्ष का चुनाव जनता करती थी। कांग्रेस ने इसे बदल दिया। जनता और पार्षदों के चुने जाने का असर अलग-अलग होता है। मुख्यमंत्री साय बैठकर इस पर निर्णय लेंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान रायपुर शहर भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम मौजूद रहे।

भाजपा की आगामी कार्य योजना

– 15 से 20 जुलाई तक विस्तारित जिला कार्यसमिति की होगी बैठकें, जिसमें प्रदेश पदाधिकारियों का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को मिलेगा।

– 21 से 25 जुलाई तक विस्तारित मंडल कार्यसमिति की होंगी बैठकें। पूरे बरसात भर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत हर बूथ में लगाएं जाएंगे 51 पौधे।

– 21 जुलाई को गुरुपूर्णिमा के अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने दों गुरुजनों की पूजा कर देव स्थान अथवा मंदिर में जाएंगे।

– 28 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुना जाएगा। इसके प्रत्येक बूथों में मन की बात कार्यक्रम का प्रभारी बनाए जाएंगे।

– 4 अगस्त को हरेली पर्व के अवसर पर गेड़ी पर चलने और नारियल फेंक प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम मंडल एवं बूथ स्तर पर किए जाएंगे।

– 7 अगस्त को हरियाली तीज पर्व के मद्देनजर महिला मोर्चा के तत्वावधान में महिला मोर्चा प्रदेश से मंडल स्तर तक हरियर छत्तीसगढ़ के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रम रखे जाएंगे।

– 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस अवसर पर स्वाधीनता आंदोलन में आदिवासी समाज के बलिदान और विभिन्न क्षेत्रों में महती भूमिका निभा रहे आदिवासी प्रतिभाओं से जन-जन को परिचित कराया जाएगा।

– 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर शिक्षकों के सम्मान का कार्यक्रम रखकर शैक्षणिक व सामाजिक क्षेत्र में उनकी महती भूमिका की चर्चा होगी।

– 16 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम।

– 17 सितंबर से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के निमित्त सेवा पखवाड़ा के तहत सेवा कार्य।

– 29 सितंबर को मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण, जिसमें पूर्वानुसार सभी कार्यकर्ता जन उपस्थिति सुनिश्चित कर कार्यक्रम सुनेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button