सरकार बदलते ही भाजपा नेताओं की हत्या मामले के नक्सलियों की गिरफ्तारी शुरू

रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में नारायणपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रतन दुबे हत्या मामले में पुलिस ने चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। नारायणपुर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार के दौरान भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या 4 नवंबर को धारदार हथियार से की गई थी। जिसकी जिम्मेदारी नक्सलियों ने ली थी। मामले में पुलिस लगातार नक्सलियों को पकड़ने सूचना तंत्र के साथ छानबीन कर रही थी जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
बता दे की 4 नवंबर 2023 विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान भाजपा नेता रतन दुबे कौशलनार क्षेत्र के धौडाई में मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे उस दौरान नक्सलियों ने धारदार हथियार से गला काटकर की हत्या कर दी थी, बताया गया था कि नक्सलियों ने उनकी हत्या करने के बाद कुल्हाड़ी से बार-बार वार भी किया था। जिसका वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद इस हत्या की जिम्मेदारी क्षेत्र में सक्रिय नक्सली संगठन ने ली थी। नक्सलियों के द्वारा भाजपा नेताओं को चुनाव प्रचार करने का विरोध किया गया था। वीडियो में दिख रहे नक्सलियों की पतासाजी करते हुए पुलिस लगातार खोजबीन कर रही थी।
जिस जगह पर भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या की गई थी वहां पर माओवादियों के द्वारा पर्चे भी फेक गए थे। माओवादियों के संगठन के पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने इस पूरी हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि रतन दुबे को जन विरोधी नीतियों पर अमल करने के कारण मौत की सजा दी गई है। इसके साथ ही नक्सलियों ने नारायणपुर की आमदई लौह खदान निको जायसवाल कंपनी को बंद करने और कर्मचारियों को काम पर न जाने की धमकी दी थी। वही लगातार भाजपा नेताओं की हत्या के बाद भाजपा ने तत्कालीन भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा था। भाजपा ने लगातार भाजपा नेता की हत्या पर टारगेट किलिंग का मामला बताते हुए बदला लेने जैसी बात कही थी। छत्तीसगढ़ के प्रभारी ओम माथुर ने चुनाव जीतने के बाद इन हत्याओं का बदला लेने की बात भी कही थी।