विधानसभा का मानसून सत्र 14 से, होंगी पांच बैठकें, लगाए गए 996 सवाल

रायपुर। विधानसभा का मानसून सत्र 14 से 18 जुलाई तक चलेगा, इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। समय कम होने की वजह से सरकार को घेरने के लिए विपक्ष हर दिन स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। विपक्ष के साथ सत्ता पक्ष के विधायकों के भी तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं। मानसून सत्र के लिए विधायकों ने 996 सवाल लगाए हैं। चूंकि राज्य सरकार को करीब डेढ़ साल हो गए हैं, इसलिए माना जा रहा है कि इस बार भाजपा सरकार में हुई गड़बडिय़ों के सवाल को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
मानसून सत्र में सरकार को घेरने के लिए इस बार विपक्ष के पास मुद्दों की कमी नहीं है। इसमें किसानों को खाद बीज की समस्या, कानून व्यवस्था, युक्तियुक्त करण, कानून व्यवस्था, पेड़ की कटाई, अवैध रेत और अवैध शराब सहित अन्य मुद्दों को लेकर सवाल लगे हैं। इसके साथ भारत माला परियोजना में हुए भ्रष्टाचार पर इस बार भी सदन गरमा सकता है। ऐसे में सदन के अंदर गहमागहमी देखने को मिलेगी।
मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार कई विधेयक पेश कर सकती है। राजस्व, आवास एवं पर्यावरण विभाग के विधेयक आने की संभावना है। वहीं राज्य सरकार द्वारा अन्य विषयों पर भी विधेयक लाया जा सकता है। सत्र के दौरान राज्य सरकार अनुपूरक बजट भी ला सकती है।