भाजपा विधायक दल की बैठक में कल होगा मुख्यमंत्री का ऐलान

रायपुर. छत्तीसगढ़ के लिए दिल्ली में आज पर्यवेक्षक तय होने के बाद, उनका यहां पर कल आना हाेगा और कल ही विधायक दल की बैठक में भाजपा के मुख्यमंत्री का भी ऐलान हाे जाएगा। दरअसल में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री को लेकर अब तक स्थिति साफ नहीं हो सकी है। दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक भी हो चुकी है, लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका खुलासा नहीं किया है। यही नहीं यहां पर पर्यवेक्षक किनको बनाकर भेजा जा रहा है, उनके नाम का भी खुलासा नहीं किया गया है।
आज शाम तक प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन जरूर रायपुर आ रहे हैं। इनका काम विधायकों काे रायपुर में एकत्रित करना रहेगा। पर्यवेक्षक के आने के बाद विधायक दल की बैठक शनिवार की सुबह होने की संभावना है। अब तक विधायकों को बैठक की कोई सूचना नहीं मिली है। छत्तीसगढ़ में चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री को लेकर लगातार कवायद चल रही है। मुख्यमंत्री के नाम का फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को करना है। छत्तीसगढ़ के साथ ही राजस्थान और मप्र को लेकर भी फैसला होना है। दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक में भाजपा ने फैसला तो कर लिया है, लेकिन किसके सिर ताज होगा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
विधायकों से करेंगे पर्यवेक्षक चर्चा
भाजपा के सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन आज यहां आएंगे। दाेनाें कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रहेंगे। अगले दिन सुबह को विधायक दल की बैठक होगी। इसमें सभी विधायकों से पर्यवेक्षक वन टू वन चर्चा करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री का नाम पहले ही दिल्ली में तय हो चुका है, लेकिन सभी विधायकों से उनका मत भी जाना जाएगा। सभी विधायकों से चर्चा करने के बाद पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करके सबको जानकारी देेंगे। एक उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाने की संभावना है।




