राजनीतिक

भाजपा ने झोंकी नामांकन रैलियों में ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की 29 को तीन सभाएं

रायपुर . छत्तीसगढ़ में हाेने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर भाजपा ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन रैलियां में पूरी ताकत झोंक दी है।जहां एक तरफ लगातार केंद्रीय मंत्री आ रहे हैं, वहीं अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की 29 अक्टूबर को एक ही दिन में तीन सभाएं होंगी।

इसी के साथ वे इसी दिन रायपुर के अमलीडीह में मोदी की मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे। एक दिन पहले वे 28 अक्टूबर को यहां पहुंचेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में वे बैठक भी लेंगे। राजधानी रायपुर की 30 अक्टूबर की नामांकन रैली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हाेंगी। उनकी सभा भी होगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद यहां पहुंच गए हैं। उनका यहां पर तीन दिनों का दौरा है। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी आज सुबह यहां आ गई हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर जहां पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार हो रहा है, वहीं दूसरे चरण के लिए नामांकन का दौर चल रहा है। इसमें कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय नेता लगातार आ रहे हैं और सभा करने के साथ नामांकन रैली में शामिल हो रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर आज सूरजपुर में और दुर्ग में आम सभा को संबोधित करेंगे। रविशंकर प्रसाद 28 अक्टूबर को रायपुर ग्रामीण के कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज मनेंद्रगढ़ और कोरबा में आम सभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी आज गरियाबंद में नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के साथ आम सभा को संबोधित करेंगी।
नड्डा का यहां होंगी सभाएं
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 28 अक्टूबर की रात काे रायपुर पहुंचेंगे। यहां आने के बाद वे रात को ठाकरे परिसर में बैठक लेंगे। इसके बाद अगले दिन रविवार को सुबह अमलीडीह में भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा डोंगरगढ़ विधानसभा के ठेलकाडीह गांव जाएंगे और वहां पर सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा के बाद वे पंडरिया और चंद्रपुर विधानसभा के मालखरौदा में सभा को संबोधित करेंगे।
रायपुर में स्मृति के स्थान पर फडणवीस
राजधानी रायपुर की चारों विधानसभाओं के प्रत्याशी 30 अक्टूबर को एक साथ नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन रैली से पहले होने वाली सभा के लिए पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम तय किया गया था, लेकिन अब उनके स्थान पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button