छत्तीसगढ़प्रादेशिक समाचार

नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ कल छत्तीसगढ़ का पूरा मंत्रिमंडल लेगा शपथ

रायपुर. प्रदेश के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ दाे डिप्टी सीएम और पूरे मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण की तैयारी साइंस कॉलेज में प्रारंभ हो गई है। कल दाेपहर काे तीन बजे होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा और कुछ अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भी आना तय है।

प्रदेश में भाजपा की सरकार की वापसी हुई है। एक दिन पहले ही भाजपा विधायक दल की बैठक में विष्णुदेव साय को नेता चुनकर मुख्यमंत्री बनाया गया है। अब उनके शपथ ग्रहण की तैयारी हो रही है। शपथ ग्रहण के लिए भाजपा के प्रदेश संगठन की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को न्योता दिया गया है। यह न्योता मंजूर भी हो गया है। इन राष्ट्रीय नेताओं के साथ ही और कई राष्ट्रीय नेताओं के शपथ ग्रहण में आने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन के साथ कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी आएंगे। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा और कुछ अन्य मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।

पहले संभावना यही थी कि मुख्यमंत्री ही अकेले शपथ लेंगे, लेकिन अब यह तय माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ दाे डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा के अलावा पूरा मंत्रिमंडल भी शपथ लेगा। आज शाम तर या फिर कल सुबह तक राज्यपाल काे मंत्रिमंडल की सूची सौंपा दी जाएगी।

इधर कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे ने साइंस कॉलेज ग्राउंड में शपथ समारोह स्थल का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य मंच सहित अन्य वीवीआईपी अतिथियों के लिए बनाए जा रहे मंच और बैठने की व्यवस्था की जानकारी तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा, शपथ ग्रहण में शामिल होने वाले अतिथियों तथा आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था उपयुक्त ढंग से करें। साथ ही अलग-अलग कैटेगरी की पार्किंग के लिए कार्य योजना बनाएं। इस अवसर पर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button