जयराम रमेश ने साधा मोदी सरकार पर जमकर निशाना

रायपुर. कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने आज राजीव भवन रायपुर मे पत्रकार वार्ता को सम्बोधित किया। पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- निजी कंपनी के फायदे के लिये उसको आप प्राथमिकता दे रहे है। औसतन प्रतिदिन रायपुर में 1 लाख लोग बाहर से आते है इनमें से करीब 80 प्रतिशत रेल से आते है। रेल यात्रा में भारी कटौती हुई है। एक कारण ये है अगर आप छत्तीसगढ़ में देखे रेल यात्रा किस तरीके से नकारात्मक असर हुआ है।मोदी सरकार की नीतियों से रेल यात्रा प्रभावित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को कई बार खत भी लिखा कि भेदभाव करना बंद कीजिए। भेदभाव मत कीजिए। सभी राज्यों को एक समान समझिए। संघीय ढांचा पर आक्रमण मत कीजिए। जहां-जहां विपक्ष की सरकारें है कर्नाटका में, राजस्थान में, पश्चिम बंगाल में, हिमाचल प्रदेश में। आज हिमाचल प्रदेश में जो भयंकर बाढ़ आया था, उसको राष्ट्रीय आपदा आज तक घोषित नहीं हुआ।
एक तरफ कहते है कि हम संविधान में विश्वास रखते है। संविधान का पहला अनुच्छेद है हम एक संघीय ढांचा है। जहां बीजेपी की सरकार नहीं है वहां आप भेदभाव करते रहेंगे तो जनता जरूर चुनाव के वक्त आपको सही जवाब देगा। छत्तीसगढ़ की जनता जान गयी है कि अगर भरोसे की सरकार चाहिये तो कांग्रेस की सरकार जरूरी है।
इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने कई गारंटी दी है, वादे किए हैं, ये कागजी वादे नहीं है। मुझे खुशी है कि आज छत्तीसगढ़ की स्थापना दिवस है। छत्तीसगढ़ की जनता को बधाई देता हूं, शुभकामनाएं देता हूं। आज से ही हमने 17 गारंटी दिये है, एक गारंटी आज से लागू हो गया है। जो गारंटी आज से लागू हुआ है राज्य के स्थापना दिवस से लागू हुआ है वह है 20 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी किसानों से किया वादा पूरा किया। स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान, महिला, युवा, आदिवासियों और वंचित वर्गों के लिए हमने ये गारंटी दिये है। जो गैस सिलेंडर आज 989 रुपए है उसमें 500 रुपए घटाया जाएगा और जो 500 रू. महिलाओं के सीधे खाते में जाएगा। हमारे देश में सबसे कम दाम एलपीजी गैस सिलेंडर का छत्तीसगढ़ में होगा। हमारे देश में ऐसा कोई राज्य नहीं है जहां केजी से लेकर पीजी तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध है। इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज जितनी सरकारी शिक्षा संस्थाएं है। केजी से लेकर पीजी तक शिक्षा को निःशुल्क बनाना न केवल प्रगतिशील कदम है बल्कि एक क्रांतिकारी कदम है ये युवाओं के लिये फायदेमंद होगा। हमारा गारंटी है छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी कम से कम 2800 रू. प्रति क्विंटल के आधार पर ही किया जायेगा। हमारी गारंटी है कि जो बीपीएल परिवार है जो पांच लाख रूपया तक मुफ्त इलाज का प्रावधान है उसको 10 लाख रूपया किया जाएगा, जो गैर बीपीएल परिवार है इनके लिये सीमा पचास हजार है उसको भी 5 लाख किया जाएगा, स्वास्थ्य के लिये महत्वपूर्ण वादा है। जाति जनगणना कांग्रेस सरकार जरूर करवायेगी। हमने 2018 में जो वादे किये वो मैं कहूंगा कि हमने 98 प्रतिशत वादे पूरे किये। छत्तीसगढ़ में रमन सिंह सरकार के समय शराब के मामले में पहले नंबर पर था और आज 18वें नंबर पर है।
हमें पूरा विश्वास है कि पिछले पांच साल के अनुभव के आधार पर कांग्रेस पार्टी को जनादेश फिर से मिलेगा। स्पष्ट जनादेश मिलेगा। जो विभाजनकारी विचारधारा है, धु्रवीकरण की विचार धारा है इसको छत्तीसगढ़ की जनता स्वीकारेगी नहीं। सामाजिक सद्भावना को बिगाड़ने में जो विचारधारा ओवर टाइम काम करती है। उत्तरप्रदेश हो, राजस्थान हो, अभी मिसाल में आपको देखने को मिल रहा है मणिपुर में क्या हो रहा है, मणीपुर में जो हो रहा है वो विभाजनकारी नीति के कारण हो रहा है। पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत, स्पष्ट जनादेश मिलेगा पांच साल और कांग्रेस सरकार को मौका मिलेगा।




