Breaking:छत्तीसगढ़ के इस जिले में कल थम जायेंगे वाहन..! जिला काँग्रेस समिति करेगी चक्का जाम..

धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने व मनरेगा रद्दीकरण के विरोध में कांग्रेस का धरना, 30 जनवरी को चक्का जाम
जशपुर। धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने तथा मनरेगा को रद्द किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलेभर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम किया जाएगा। यह कार्यक्रम 30 जनवरी 2026 शुक्रवार को जिले के समस्त संगठन ब्लॉकों में आयोजित होगा।
यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी निर्देशानुसार और जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर के आव्हान पर हो रहा है । इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों की धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं एवं मनरेगा के रद्द होने से ग्रामीण मजदूरों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री महेश कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि धान खरीदी की निर्धारित तिथि समाप्त होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मनरेगा को कमजोर अथवा समाप्त किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोज़गार का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान एवं ग्रामीण मजदूर बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न किया जाएगा।




