चालक को आयी झपकी और हो गया हादसा — कुनकुरी-तपकरा मार्ग रातभर से जाम..

श्रीनदी पुल पर रोलिंग रॉड से लदा ट्रेलर पलटा, पुल की रेलिंग तोड़ी…
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खारीझरिया स्थित श्रीनदी पुल पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें रोलिंग रॉड से लदा एक भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल के बीचों-बीच पलट गया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रेलर ने पुल की रेलिंग को भी तोड़ दिया और पूरी तरह सड़क पर फैल गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घटना आधी रात के आसपास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को चलते समय झपकी आ गई, जिससे वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। हालांकि इस गंभीर दुर्घटना में राहत की बात यह रही कि ट्रेलर में सवार चालक और खलासी दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।
हादसे के बाद से कुनकुरी-तपकरा मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर से लोग जाम में फंसे हुए हैं और सुबह तक भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई है। पुलिस द्वारा ट्रेलर को हटाने और यातायात बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल मार्ग को जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश की जा रही है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।



