बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार…

अमरीश सिंह राठौर। 06-03-2026
जांजगीर। जिले के ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाले आरोपी को कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को जिला अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सुकली में होली के कार्यक्रम के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों को शराब पिला दी गई है, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि 3 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे आरोपी सोनू दरवेश (34 वर्ष), निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली, अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर डांस कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंच गए। आरोप है कि सोनू दरवेश ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर तीनों बच्चों को जबरन पिला दिया। शराब पीने के बाद बच्चों को नशा होने लगा और वे उल्टी करने लगे। इसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। अपराध दर्ज करने के बाद पुलिस टीम को गांव सुकली भेजा गया, जहां से आरोपी सोनू दरवेश को उसके घर के पास से पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी शुरू में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



