देश विदेश

‘आई लव मोहम्मद’ वाला विवाद क्या है, यूपी से आगाज और उत्तराखंड में बवाल; बढ़ रहा तनाव

उत्तराखंड में ‘आई लव मोहम्मद’ वाला विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। यूपी के कानपुर से आगाज के बाद उत्तराखंड के काशीपुर में यह बड़ा बवाल बन चुका है। काशीपुर में पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद और 500 अज्ञात पर मुकदमा किया है। यूपी, उत्तराखंड के बाद गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे राज्यों तक भी तनाव फैल रहा है। सवाल उठता है कि ‘आई लव मोहम्मद’ जैसा नारा क्यों और कैसे विवाद और तनाव की वजह बन गया?
कहां से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत उत्तर प्रदेश के कानपुर से हुई। यहां रावतपुर के सैयद्द नगर मोहल्ले से इस विवाद की शुरुआत पिछले सप्ताह हुई थी जो अब देश के कई हिस्सों में फैल चुकी है।
आई लव मोहम्मद का पोस्टर और एक गलतफहमी

‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर तूफान मचा है, लेकिन विवाद के पीछे की असल कहानी कुछ और ही है। मुकदमा ‘आई लव मोहम्मद’ लिखने पर नहीं बल्कि इसका बोर्ड गलत जगह लगाने पर दर्ज किया गया था। कुछ लोगों ने घटनाक्रम का रंग-रूप बदल कर इसे प्रचारित कर दिया। अब एक तरफ पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है तो दूसरी तरफ कुछ लोग इस मुद्दे को तूल देकर बवाल बढ़ा रहे हैं।

दरअसल, रावतपुर के सैय्यद नगर मोहल्ले में चार सितंबर को बारावफात की सजावट में ‘आई लव मोहम्मद’ का बोर्ड रास्ते पर लगा था। कुछ लोगों ने इस पर विरोध जताया। विवाद होने पर पुलिस ने बोर्ड हटवाकर कार्यक्रम स्थल के पास लगवा दिया। अगले दिन कुछ युवकों ने एक धार्मिक पोस्टर फाड़ दिया। 10 सितंबर को इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। लेकिन इसे ‘आई लव मोहम्मद’ के खिलाफ मुकदमे के तौर पर प्रचारित किया गया और बवाल बढ़ गया।
लोगों ने लगाने शुरू किए पोस्टर, निकाला जा रहा जुलूस

मुस्लिम समुदाय के बीच यह संदेश फैल गया कि पुलिस ने ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर लगाने पर एफआईआर दर्ज की। इसके विरोध स्वरूप मुस्लिम समुदाय के लोग जुलूस निकालने लगे। इसके अलावा लोग अपनी दुकानों और घरों पर भी ‘आई लव मोम्मद’ का पोस्टर चिपका रहे हैं।
काशीपुर में बवाल

ऐसा ही एक जुलूस ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में निकाला गया। यहां करीब 500 लोगों की भीड़ नारेबाजी करते हुए सड़कों पर निकल पड़ी। कोतवाली एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि कि मोहल्ला अल्ली खां क्षेत्र में बिना अनुमति नदीम अख्तर, अनीस गांधी, दानिश चौधरी के नेतृत्व में करीब 500 लोग जुलूस निकाल रहे थे, जिसे अल्ली खां चौराहे पर रोककर समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद वहां बवाल हो गया था।

पुलिस पर भीड़ ने हमला कर दिया। दो पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर पीटा। किसी तरह पुलिस कर्मी वहां से जान बचाकर भागे। इस दौरान पुलिस की 112 गाड़ी पर पथराव किया, जिससे शीशे टूट गए पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सात को गिरफ्तार कर लिया है। 500 से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुख्य संपादक यशवंत खेडुलकर

सह सम्पादक शैलेन्द्र चिटनवीस जशपुर जिला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button