CSK Vs RCB ओपनर में उठेगा एमएस धोनी के राज से पर्दा, इस नए रोल में आएंगे नजर?

आईपीएल के नए सीजन का आगाज कल यानी, 22 मार्च से होने वाला है। यूं तो सभी क्रिकेट प्रेमी आईपीएल का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सीएसके फैन्स की बेकरारी अलग लेवल की है। पहले बात लंबे अरसे के बाद धोनी के मैदान पर उतरने का इंतजार है। दूसरा इंतजार उसके लिए है, जिसको लेकर खुद धोनी ने जबर्दस्त सस्पेंस क्रिएट कर रखा है। आखिर क्या होगा धोनी का नया रोल? प्रशंसकों के मन में इसको लेकर ढेरों सवाल हैं। आखिर एमएसडी इस सीजन किस रोल में नजर आ सकते हैं? एक नजर कुछ संभावनाओं पर…
धोनी खुद को हमेशा से ही फिनिशर की भूमिका में रखते हैं। पिछले सीजन में भी उन्होंने ऐसा ही किया था। आखिरी की कुछ गेंदों पर मैदान में आना और अपने अंदाज में गेम को फिनिश करना। लेकिन जिस तरह से धोनी ने अपना अंदाज बदला है, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि धोनी इस सीजन में क्या कर सकते हैं। धोनी ने अपने बालों को एक बार फिर से बढ़ाया है और उनका लुक कुछ-कुछ वैसा ही है, जैसे कॅरियर की शुरुआत में था। यह भी दिलचस्प है कि कॅरियर की शुरुआत में धोनी ने कुछ मैचों में तीन नंबर पर बल्लेबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने ताबड़तोड़ पारियां भी खेली थीं। चाहे वो अप्रैल 2005 में विशाखापत्तनम की 148 रन की पारी हो या फिर उसी साल अक्टूबर में श्रीलंका के खिलाफ 183 रन की पारी। पिछले सीजन में धोनी ने पहली ही गेंद से हिट करना शुरू किया था। इस साल के प्रैक्टिस सेशन में भी उन्हें लंबी-लंबी हिट्स लगाते देखा गया है। ऐसे में इन संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है इस सीजन में वह पॉवरप्ले में आकर अपने धाकड़ खेल से गेम का रुख बदल दें।
धोनी के नंबर तीन पर बैटिंग के पीछे कुछ वजहें बेहद खास हैं। पहली बात तो इस साल सीएसके के पास टॉप ऑर्डर में विकल्पों की कमी है। डेविड कॉन्वे फिलहाल हैं नहीं, शिवम दुबे को भी इंजरी है। इसके अलावा अंबाती रायुडू रिटायर हो चुके हैं। दूसरी बड़ी वजह है धोनी के घुटने का ठीक होना। पिछले सीजन में धोनी के घुटने में समस्या थी, इस वजह से वह लोअर ऑर्डर में आ रहे थे। इस सीजन में उनके घुटने की सर्जरी हो चुकी है। ऐसे में वह बेहतर ढंग से रनिंग कर सकते हैं। इसको देखते हुए इस बात के पूरे आसार हैं कि धोनी टॉप ऑर्डर में आकर खुद को ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेलने का मौका दें।
धोनी अभी कितने साल खेलेंगे यह भी अपने आप में एक सस्पेंस है। ऐसे में सीएसके चाहेगी कि धोनी अपनी छत्रछाया में कप्तानी का एक बेहतर विकल्प तलाश करें। हालांकि बीते दो सीजन में इस दिशा में कोशिश तो हुई है, लेकिन उसके नतीजे बहुत अच्छे नहीं रहे। आईपीएल 2022 में सीएसके ने रविंद्र जडेजा को कप्तान बनाया था, लेकिन वह इस भूमिका में खरे नहीं उतर सके। बीच सीजन में उन्हें कप्तानी से हटाकर खुद धोनी को कमान संभालनी पड़ी थी। इसी तरह पिछले सीजन में सीएसके ने इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के ऊपर दांव लगाया तो अनुमान जताया गया था कि वह कप्तानी के विकल्प बन सकते हैं। हालांकि इस बार भी चीजें प्लान के हिसाब से नहीं हुईं और स्टोक्स की फिटनेस जवाब दे गई।
धोनी के नए रोल को लेकर एक अनुमान यह भी है कि हो सकता है वह इस साल विकेटकीपिंग न करें। हालांकि चेन्नई के स्क्वॉड में धोनी के अलावा सिर्फ दो विकेटकीपिंग ऑप्शंस हैं। एक न्यूजीलैंड के डेवोन कॉन्वे, जो अनफिट हैं और कम से कम पहले लैग के लिए तो बाहर ही हो चुके हैं। दूसरे ऑप्शन हैं अरावली अविनाश। महज 18 साल के अविनाश का यह डेब्यू सीजन है और सीएसके का इतिहास बताता है कि वह युवा खिलाड़ियों को इतनी जल्दी मौके नहीं देने में यकीन नहीं रखते हैं। ऐसे में इस बात की उम्मीद बहुत कम रह जाती है कि धोनी विकेटकीपिंग से दूरी बनाकर रखेंगे।