पिता की मौत पर की गई टिप्पणी बनी हत्या की वज़ह..!नृशंस हत्याकाण्ड का खुलासा..!

रायगढ़ पुलिस ने मौहापाली (खरसिया) में युवक की नृशंस हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल (36 वर्ष) मौहापाली स्थित अपने मामा के घर आया हुआ था। रात में घर से निकलने के बाद वह गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर मारपीट और जलने के स्पष्ट निशान थे। परिजनों द्वारा उसे खरसिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान 17 फरवरी को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी निलेश डेंजारे को रायगढ़ से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मृतक द्वारा उसके पिता की मौत को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज होकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर शिव प्रसाद पटेल के साथ मारपीट की और उसे आग के हवाले कर दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट, कपड़े, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आरोपी निलेश डेंजारे (25 वर्ष) को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


