सरकारी खर्च पर जाएंगे प्रदेशवासी अयोध्या का भ्रमण करने

रायपुर. प्रदेश में एक बार फिर से पर्यटन और धर्मस्व मंत्री बनने के बाद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा, प्रदेश सरकार अपने खर्च पर प्रदेश वासियों को अयोध्या का भ्रमण करने के लिए भेजेगी। इसके लिए पूरी योजना तैयार की जा रही है। यात्रा का प्रारंभ 25 जनवरी से होगा। यह यात्रा 25 मार्च तक चलेगी। यहां से लोगों को ट्रेन से अयोध्या भेजा जाएगा। इस मामले में आज कैबिनेट में भी फैसला हाेगा।
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। इस उद्घाटन के बाद देश भर के राज्यों से अयोध्या जाने का क्रम प्रारंभ होने वाला है। अयोध्या मंदिर ट्रस्ट ने भी हर राज्य के भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, सामाजिक संगठनों के लोगों को अयोध्या आने का आमंत्रण दिया है। इसके लिए अलग-अलग तिथि भी तय की गई है। छत्तीसगढ़ से भी दो हजार लोग विशेष ट्रेन से 4 फरवरी को जाने वाले हैं।
आम जनता को ले जाने की घोषणा
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले भाजपा ने अपने घोषणापत्र में रामलला के दर्शन करने का भी वादा किया है। ऐसे में अब इस वादे पर अमल प्रारंभ हो इसके पहले ही प्रदेश के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने एक ऐलान कर दिया है कि प्रदेश वासियों को अयोध्या भ्रमण के लिए भेजा जाएगा और इसका पूरा खर्च प्रदेश सरकार उठाएगी। इसी के साथ राइस मिल एसोसिएशन के सदस्यों को भी सरकारी खर्च पर अयोध्या भ्रमण के लिए भेजने की घोषणा श्री अग्रवाल ने की है।
जल्द बनाएंगे योजना
इस ऐलान के बाद श्री अग्रवाल ने बताया प्रदेश वासियों के अयोध्या भ्रमण को लेकर जल्द ही पूरी योजना तैयार की जाएगी कि कितने लोग कब-कब जाएंगे। कुल कितने लोगों को ले जाया जाएगा। उनको ठहराने की कहां पर व्यवस्था होगी। सारी योजना तैयार करके यात्रा 25 जनवरी से यात्रा प्रारंभ करेंगे। यात्रा काे लेकर आज कैबिनेट में भी चर्चा होगी और पूरी योजना तैयार की जाएगी।