छत्तीसगढ़प्रादेशिक समाचार

विद्यार्थियों को हर 6 महीने में छात्रवृत्ति मिल जाए यह किया जाएगा सुनिश्चित – नेताम

रायपुर। महासमुंद जिले में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को हर 6 महीन में छात्रवृत्ति मिल जाए यह सुनिश्चित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के हस्तक्षेप के बाद आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस सदस्य चातुरी नंद को राज्य सरकार की ओर से भरोसा दिलाया।
प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य चातुरी नंद ने प्रश्न उठाया कि शिक्षा सत्र समाप्त हो रहा है लेकिन अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। इसके कारण विद्यार्थियों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। क्या छात्रवृत्ति में देरी के लिए जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की जाएगी? इस पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि पिछले कुछ बरसों से मार्च से मार्च छात्रवृत्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत तक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दे दी जाएगी। नेताम ने कहा कि छात्रवृत्ति एकमुश्त या किश्त के रूप में दिया जाता है। उन्होंने कहा छात्रवृत्ति हर महीने देने का प्रावधान है। मगर छात्रवृत्ति तीन महीने या छह महीने में दिया जाता है। कांग्रेस सदस्य ने कहा कि विद्यार्थियों को 27.3 लाख रुपए कम छात्रवृत्ति मिली है। इस पर नेताम ने कहा कि राज्यांश और केन्द्रांश के आने में विलंब होता है। इस वजह से छात्रवृत्ति मिलने में देरी होती है।

कांग्रेस सदस्य ने कहा कि छात्रवृत्ति में देरी पर कई बार विद्यार्थियों को आंदोलन करना पड़ता है। इस पूरे मामले में स्पीकर डॉ रमन सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को हर तीन महीने में छात्रवृत्ति मिल जाए, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मंत्री नेताम ने भरोसा दिलाया कि हर छह महीने में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिल जाए, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button