रोहित के बाद विराट की बारी…टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहेंगे ‘किंग’ कोहली तो क्या करेगा BCCI?

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम जून में इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। हालांकि, इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने टेस्ट से संन्यास लेकर सभी को हैरान कर दिया है। जिसके बाद अब ये खबर भी आ रही है कि विराट कोहली भी टेस्ट को अलविदा कहने पर विचार कर रहे हैं।
दरअसल, विराट कोहली को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट में ये जानकारी दी गई है कि विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का भी मन बना लिया था, उन्होंने इस बारे में बीसीसीआई को भी जानकारी दे दी थी। हालांकि, बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों ने उनसे इस फैसले पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है।
अब क्या करेगा BCCI?
कोहली का यह फैसला रोहित शर्मा के हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है। जिसके बाद अब बीसीसीआई के सामने एक बड़ी चुनौती सामने आ खड़ी हो गई है। रोहित और विराट दोनों ही टीम का अहम हिस्सा रहे हैं, ऐसे में दोनों खिलाड़ियों का एक साथ विकल्प ढूंढना बीसीसीआई के लिए काफी मुश्किल हो सकता है।
लगातार फेल होने के बाद लिया फैसला
माना जा रहा है कि विराट कोहली इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद से ही अपने टेस्ट भविष्य पर विचार कर रहे हैं। कोहली ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में शतक जरूर लगाया था, लेकिन इसके बाद वह लगातार फेल होते रहे और एक ही तरह से आउट होते रहे।
इन खिलाड़ियों पर होगी जिम्मेदारी
अगर विराट कोहली अपने फैसले पर कायम रहते हैं, तो उनके और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में टीम इंडिया एक कम अनुभव वाले स्क्वाड के साथ इंग्लैंड दौरे पर जाएगी। टॉप ऑर्डर की जिम्मेदारी शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल जैसे युवा खिलाड़ियों के कंधों पर होगी, जबकि मिडिल ऑर्डर में ऋषभ पंत अहम भूमिका निभाएंगे।
जल्द होगा टीम का चयन
गौरतलब है कि अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति जल्द ही इंग्लैंड दौरे के लिए पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को लेकर टीम चयन के लिए बैठक करने वाली है। ऐसे में अब ये भी विचार किया जा रहे हैं कि रोहित शर्मा की जगह किस खिलाड़ी को ओपनिंग बल्लेबाजी का जिम्मा सौंपा जाए। साथ ही टीम की कप्तानी को लेकर पर विचार किया जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि रोहित शर्मा के संन्यास के बाद चयनकर्ता पहले से ही नए टेस्ट कप्तान की तलाश में हैं, और अगर कोहली भी रिटायर होते हैं, तो यह टीम और चयनकर्ताओं दोनों के लिए एक और बड़ा झटका साबित हो सकता है।




