देश विदेश

विकास की गति धीमी नहीं होने देंगे : प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के लिए नवनिर्माणों का लगातार विस्तार हो रहा है। देश के कोने-कोने में परियोजनाओं का लोकार्पण और नई योजनाओं की शुरुआत हो रही है। वर्ष 2024 के पहले 75 दिनों में ही 11 लाख करोड़ रूपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो चुका है। विकास की इस गति को हम धीमा नहीं होने देंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के लिए आधुनिक रेलवे कार्यक्रम के अंतर्गत 85000 करोड़ रुपए से अधिक की 6 हजार रेल परियोजनाओं के शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण कार्यक्रम को अहमदाबाद से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर हुए कार्यक्रम से सहभागिता की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय रेलवे “विरासत भी और विकास भी” के मंत्र को साकार करते हुए क्षेत्रीय संस्कृति और आस्था से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। भारतीय रेलवे आत्म- निर्भर भारत का एक नया माध्यम बन रही है। यह वोकल फार लोकल का भी सशक्त माध्यम है। देश के रेलवे स्टेशनों पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के 1500 से अधिक स्टाल खुल चुके हैं। हमारी सरकार भारतीय रेल को आधुनिक बनाने और देश के कोने-कोने को रेल नेटवर्क से जोड़ने में जुटी है। देश रेलवे के शत-प्रतिशत इलेक्ट्रीफिकेशन की ओर बढ़ रहा है। रेलवे के कायाकल्प के लिए हो रहे कार्य नए निवेश और निवेश से नए रोजगार के निर्माण की गारंटी भी दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भारतीय रेल आधुनिक समय में देश का भाग्य बदलने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद रेलवे की कई पुरानी परंपराओं को बदलकर रेलवे के विकास को गति दी है। केंद्रीय बजट और रेलवे बजट को एक कर भारत सरकार के संसाधनों के रेलवे के विकास में उपयोग का मार्ग प्रशस्त किया है। उनकी पहल से देशवासियों ने स्वच्छ रेलवे स्टेशन और विश्वस्तरीय रेलवे सुविधाओं का अनुभव किया है। मध्यप्रदेश को मिलने वाला रेलवे बजट 2014 से पहले तक लगभग 275 करोड़ हुआ करता था, जो अब 15000 करोड़ रूपये हो गया है। यह डबल इंजन की सरकार का प्रभाव है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खजुराहो से नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन तथा रामगंजमंडी- भोपाल नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत निशातपुरा- संत हिरदाराम नगर रेल खण्ड के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार माना। इस परियोजना से तथा खजुराहो- नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन से विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी। करीब 65 करोड़ रूपये की लागत से निशातपुरा-संत हिरदाराम नगर रेल खण्ड के कार्य से पश्चिमी मध्यप्रदेश में रेल आवागमन और सुगम होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने प्रदेश को रेलवे की कई सौगातें दी हैं। रानी कमलापति के रूप में देश का सर्वश्रेष्ठ स्टेशन विकसित हुआ है, यह निजी सहभागिता से रेलवे अधोसंरचना विकास का सफल उदाहरण भी बना है।

मुख्य संपादक यशवंत खेडुलकर

सह सम्पादक शैलेन्द्र चिटनवीस जशपुर जिला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button