प्रोफेशनल कांग्रेस के अध्यक्ष बोले, सरकार बनते ही कराएंगे सामाजिक-आर्थिक जनगणना

रायपुर। प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने इस बार आइएनडीआइए गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि कांग्रेस ने पांच महीने लोगों से विचार लेकर मैनिफेस्टो तैयार किया है। सबसे महत्वपूर्ण इसमें आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय की बात है। देश में कितने ओबीसी, एससी, एसटी है, पता होना चाहिए।
एक अनुमान के मुताबिक 70 प्रतिशत इनकी आबादी है तो बड़े-बड़े पदों पर मात्र दस प्रतिशत ही इनकी संख्या क्यों है। केंद्र में सरकार बनने पर सबसे पहले एसइसीसी (सामाजिक अर्थव्यवस्था वर्ग जनगणना) करवाना है। इससे पता चलेगा कि किसके पास कितनी जमीन और पैसा है। भाजपा कहती है कि कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग है। घोषणा पत्र में किसानों की एमएसपी की कानूनी गारंटी, कर्ज मुक्त करने आयोग, युवाओं को 30 लाख सरकारी पदों पर भर्ती आदि को क्या भाजपा मुस्लिम लीग मानती है।
आदिवासी, ओबीसी का आरक्षण छीनकर अल्पसंख्यकों को देने का षड्यंत्र: भाजपा
प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती के बयान पर मंत्री केदार कश्यप ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा की कांग्रेस के नेता केवल गरीबों पर झूठा भाषण देते है। आजकल कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सामाजिक न्याय की बातें करने लगे हैं। कांग्रेस ओबीसी और आदिवासियों का आरक्षण छीनने का षड्यंत्र रच रही है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, ऐसा किया भी गया है।
मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश के आदिवासी, ओबीसी, अनुसूचित जाति का आरक्षण छीनकर अल्पसंख्यकों को देना यही कांग्रेस का सामाजिक न्याय है। कांग्रेस देश के लोगो के अधिकार और संस्कृति छीनने की पूरी प्लानिंग कर चुकी है।