क्यों रोहित शर्मा से छिनी मुंबई इंडियंस की कप्तानी? हेड कोच मार्क बाउचर ने किया एक्सप्लेन

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 से पहले मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी टीम में बड़े बदलाव देखने को मिले। आईपीएल 2024 मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने ऑल कैश डील के साथ गुजरात टाइटन्स के कप्तान हार्दिक पांड्या की अपनी टीम में वापसी कराई। हार्दिक पांड्या ने आईपीएल का करियर मुंबई इंडियंस के साथ ही शुरू किया था और 2021 तक वह मुंबई इंडियंस की ओर से ही खेलते थे। हार्दिक को मुंबई इंडियंस में वापस लाने के कुछ समय बाद ही उन्हें कप्तान भी नियुक्त कर दिया गया। इसके बाद से मुंबई इंडियंस टीम में फूट की भी खबरें आईं। टीम के सीनियर खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव की सोशल मीडिया पोस्ट से भी इस बात का अंदाजा लगाया कि मुंबई इंडियंस खेमे में सबकुछ ठीक-ठाक नहीं है। रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को नया कप्तान नियुक्त करने का फैसला क्यों लिया गया, इसको लेकर फ्रेंचाइजी की ओर से कोई स्पष्टीकरण भी नहीं आया था। मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने अब इस पर खुलकर बात की है।
मार्क बाउचर ने स्मैश स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर कहा, ‘मुझे लगता है यह पूरी तरह से क्रिकेटिंग फैसला था। हमने विंडो पीरियड देखा और हार्दिक पांड्या को खिलाड़ी के तौर पर वापसी कराने के बारे में सोचा। मेरे हिसाब से यह ट्रांजिशन फेज है, भारत में बहुत से लोग इस बात को समझते नहीं हैं, लोग थोड़े इमोशनल हो जाते हैं, लेकिन आप जानते हैं कि आपको इमोशन को इससे दूर रखना होता है। मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से क्रिकेटिंग फैसला था, मुझे लगता है कि इससे रोहित खिलाड़ी के तौर पर अपना बेस्ट दे पाएंगे। वह मैदान पर जाएं और कुछ बड़े स्कोर टीम के लिए बनाएं।’
बाउचर ने आगे कहा, ‘रोहित के साथ एक जो सबसे अच्छी बात है कि वह शानदार आदमी हैं, मतलब वह काफी समय से कप्तानी कर रहे हैं, उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए बहुत अच्छा काम किया है। अब वह इंडियन क्रिकेट टीम की भी कप्तानी करते हैं। हमने जब मुंबई इंडियंस ग्रुप से इस पर चर्चा की तो सबने कहा कि इससे रोहित खिलाड़ी के तौर पर अपना बेस्ट दे पाएंगे। वह इंडियन टीम के कप्तान हैं, तो उनको कप्तानी से हटाने को लेकर विवाद होना लाजमी था, लेकिन इस बार जब वह आईपीएल 2024 में खेलने उतरेंगे, तो उनके सिर से कुछ दबाव जरूर कम रहेगा।’




