कांग्रेस की हर गतिविधि पर भाजपा के वार रूम की पैनी नजर

रायपुर. छत्तीसगढ़ में अगले माह हाेने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने वार रूम बनाए हैं। भाजपा इस बार भी अपने पुराने कार्यालय एकात्म परिसर से ही लड़ रही है। यहां पर वार रूम बनाया गया है। वार रूम से कांग्रेस की एक-एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसी के साथ सबसे बड़ा वार सोशल मीडिया के माध्यम से किया जा रहा है। जिलों में भी वार रूम बना है। वहां से भी जानकारी आ रही है और प्रदेश मीडिया विभाग के सहयोग से जिलों में भी कांग्रेस पर तीखा वार किया जा रहा है।
भाजपा के लिए एकात्म परिसर हमेशा से लक्की रहा है, अब यह बात अलग है कि पिछले चुनाव में भी चुनाव का संचालन एकात्म परिसर से होने के बाद भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी भाजपा इस साल होने वाला विधानसभा चुनाव भी एकात्म परिसर से लड़ रही है। ज्यादातर गतिविधियों का संचालन यहां से किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा मीडिया सेल के सभी पदाधिकारी भी एकात्म परिसर में बैठ रहे हैं। यहां पर रोज प्रेस ब्रीफ भी हो रही है। ज्यादातर नेताओं की पत्रकारवार्ताएं भी एकात्म परिसर में हो रही हैं।
एकात्म परिसर में वार रूम
भाजपा ने विधानसभा चुनाव के पहले ही एकात्म परिसर में बड़ा वार रूम बना दिया है। यहां पर मीडिया सेल के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। एक छोटा सा स्टुडियो बनाया गया है, जहां पर वीडियो रिकाॅर्ड करके बयान भी जारी किए जा रहे हैं। एक छोटा सा कांफ्रेंस हाल भी बनाया गया है। इसी के साथ दो और कांफ्रेंस हाल भी हैं। बड़े नेताओं की कांफ्रेंस के लिए बड़ा हाल है। प्रवक्ता और प्रदेश के नेता छोटे हाल में ही प्रेस ब्रीफ कर रहे हैं।
पेशेवरों की भी सेवाएं
कांग्रेस की गतिविधियों के साथ खबरों पर नजरें रखने के लिए एक दर्जन पेशेवरों की भी सेवाएं भी ली जा रही है। ये हर खबरों पर नजरें रखे हुए हैं। हर चैनल की खबरों को देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी क्या चल रहा है, यह भी देख रहे हैं। हर खबर की जानकारी मीडिया सेल के पदाधिकारियों को दी जा रही है। इसके बाद मीडिया सेल खबरों के हिसाब से अपने नेताओं के बयान बनाकर जारी कर रहा है।
सोशल मीडिया पर फोकस
भाजपा का बड़ा फोकस सोशल मीडिया पर है। सोशल मीडिया में जहां सभी नेताओं के बयान डाले जा रहे हैं, वहीं हर तरह की प्रेस वार्ता, बड़े नेताओं की सभाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव भी दिखाया जा रहा है। सोशल मीडिया में ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य माध्यम से कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला किया जा रहा है। सोशल मीडिया में प्रत्याशियों का प्रचार भी किया जा रहा है।