सेहतस्वास्थ्य

कहीं पेल्विक दर्द गुप्त हर्निया का तो नहीं संकेत? एक्सपर्ट से जानें लक्षण और उपाय

पेल्विक एरिया शरीर का वह हिस्सा होता है, जो पेट के नीचे और कूल्हे की हड्डियों के बीच स्थित होता है। इसमें मूत्राशय और मलाशय शामिल होता है। महिलाओं के पेल्विक एरिया में, योनि, गर्भाशय ग्रीवा, गर्भाशय, फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय होते हैं। जबकि पुरुषों में, प्रोस्टेट और सेमिनल वेसिकल्स होते हैं। पेल्विक दर्द मूत्र, पाचन, या मस्क्युलोस्केलेटल प्रणाली में समस्याओं के अलावा कई अन्य कारणों से भी हो सकता है। लेकिन इसका सबसे आम कारण गुप्त हर्निया है। डॉ . हितेंद्र शर्मा , लेप्रोस्कोपिक सर्जन , मणिपाल हॉस्पिटल (गाजियाबाद )से जानते हैं आखिर क्या है गुप्त हर्निया रोग और इसका इलाज।

क्या है गुप्त हर्निया?

गुप्त हर्निया, एक मेडिकल समस्या है, जिसमें शरीर के अंदर की कमजोरी दबाव बढ़ाती जाती है। यह दबाव इतने छोटे हिस्से में या स्थान पर बढ़ता है, जो कई बार सर्जन तक की पकड़ में नहीं आ पाता है। आसान शब्दों में समझें तो गुप्त हर्निया, पेट की दीवार में कमजोर क्षेत्र के माध्यम से आंत के लूप या अन्य हिस्से का उभार है। यह आमतौर पर तनाव या अत्यधिक वजन से बढ़े हुए पेट के अंदर के दबाव के कारण होता है।

गुप्त हर्निया के लक्षण-

गुप्त हर्निया के साथ सबसे बड़ी समस्या यह है कि यह कई छोटी-बड़ी बीमारियों, जैसे पेल्विक में दर्द के रूप में प्रकट हो सकती है, जो खासकर महिलाओं के लिए समस्या बनती है, जिसका निदान भी कई बार मुश्किल हो जाता है। पेल्विक में लंबे समय तक हल्का या चुभता हुआ तेज दर्द बने रहना, गुप्त हर्निया के कारण हो सकता है। जो व्यायाम, भारी चीज उठाने, पैदल चलने, झुकने, या वजन उठाने से बढ़ जाता है। गुप्त हर्निया के अन्य लक्षणों में पेट के निचले हिस्से में एक समान दबाव या बेचैनी शामिल हैं। इसके अलावा कोई भी ऐसी गतिविधि, जिससे पेट की मांसपेशियों पर दबाव पड़े, जैसे व्यायाम, खांसी, और कभी-कभी हंसने पर होने वाला दर्द भी इसका संकेत है। कुछ लोगों को प्रभावित हिस्से में जलन या चुभन महसूस हो सकती है।

गुप्त हर्निया का जोखिम किसे ज्यादा-

बता दें, गुप्त हर्निया का जोखिम उन लोगों को सबसे ज्यादा बना रहता है, जिन्हें पहले भी हर्निया की समस्या हो चुकी हो। ज्यादा दबाव वाली गतिविधियों, जैसे भारी वजन उठाने से पेट के चारों ओर स्थित पेशियों पर काफी दबाव पड़ता है। या फिर जब किसी को लंबे समय तक खांसी बनी रहे, तो उसे भी हर्निया की समस्या हो सकती है। महिलाओं में गर्भावस्था के दौरान ज्यादा वजन और पेट पर दबाव से भी हर्निया हो सकता है।

क्या है गुप्त हर्निया को लेकर सबसे बड़ी चुनौती-

गुप्त हर्निया को लेकर सबसे बड़ी चुनौती यह है कि नियमित जांच में यह समस्या आसानी से पकड़ में नहीं आती है। हर्निया का पता लगाने के लिए अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एमआरआई किए जाते हैं। हर्निया का पता लगाने के लिए लैपरोस्कोपी द्वारा मिनिमली इन्वेज़िव सर्जरी के माध्यम से होता है। बता दें, गुप्त हर्निया का इलाज आम तौर पर ऑपरेशन द्वारा होता है।

डॉक्टर की सलाह-

यदि पेल्विक में बिना वजह दर्द महसूस हो रहा हो, तो गुप्त हर्निया का संकेत हो सकता है। इस समस्या के बारे में जितना जल्दी पता चल जाएगा, बेहतर इलाज की संभावना उतनी ही ज्यादा बढ़ जाती है। यदि लगातार इलाज के बाद भी पेल्विस में दर्द बना हुआ है, तो डॉक्टर हर्निया के लिए सर्जरी कराने का सुझाव दे सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button