देश विदेश

कई राज्यों में मानसूनी तांडव, उफनती नदियों ने तबाह किए आशियाने

देश के पहाड़ी और पूर्वी राज्यों में फिर से मौसम ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। आइए जानते हैं अगले कुछ दिनों में देश के मौसम का कैसा हाल रहने वाला है और किन इलाकों में सबसे ज्यादा खतरा है।

हिमाचल के किन्नौर, सोलन और सिरमौर जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, पौड़ी और नैनीताल में भी 6 अगस्त को अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी है। तमिलनाडु की भवानी नदी में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का अलर्ट जारी हुआ है। मध्य प्रदेश के गुना और शिवपुरी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। यूपी के 21 जिले गंगा और यमुना के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण बाढ़ की चपेट में हैं।

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 6 से 11 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। शिमला, मंडी, बिलासपुर, ऊना, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और किन्नौर जिलों में येलो से रेड अलर्ट तक जारी किया गया है। खासतौर पर सोलन में 6 अगस्त को रेड अलर्ट घोषित किया गया है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों जैसे पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में 6 अगस्त को रेड अलर्ट और 7 से 10 अगस्त तक येलो अलर्ट लागू किया गया है। यहां भूस्खलन और सड़कों के बंद होने की आशंका है।

यूपी के वाराणसी, प्रयागराज और औरैया समेत 21 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। गंगा, यमुना और बेतवा कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। तमिलनाडु के भवानीसागर, सत्यमंगलम और गोबीचेट्टीपलयम क्षेत्रों में भवानी नदी के आसपास रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश के गुना और शिवपुरी में राहत-बचाव दल तैनात किए गए हैं। पूर्वोत्तर भारत में असम, अरुणाचल और मिजोरम में भी अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button