छत्तीसगढ़प्रादेशिक समाचार

अंबिकापुर में बोले मोदी, कांग्रेस की ‘अर्बन नक्सली सोच’


रायपुर/अंबिकापुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा द्वारा विरासत-कर संबंधी बयान पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन को एक बार फिर आड़े हाथों लिया और आगाह किया है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह नया विरासत कानून लाएगी। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वह भारत में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं और इसलिए अब वह अमेरिका की तरफ रुख कर रहे हैं। श्री मोदी बुधवार को सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के अम्बिकापुर में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आहूत विशाल जनसभा के संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें कि क्या वह पित्रोदा के बयान से सहमत हैं? कांग्रेस अगर पित्रोदा की राय से इत्तेफाक नहीं रखती है तो उसे अपने घोषणा पत्र से इस मुद्दे को वापस लेना चाहिए। श्री मोदी ने कहा कि पित्रोदा का बयान कांग्रेस का मकसद साफ तौर पर जाहिर कर रहा है कि कांग्रेस देश की जनता की निजी संपत्ति का सर्वे कर निजी संपत्ति को सरकारी खजाने में डालना चाहती है और ‘देश के संसाधन पर सबसे पहला अधिकार माइनॉरिटी और उसमें भी मुस्लिम लोगों का है’ की मंशा को पूरी करते हुए इसका बँटवारा करना चाहती है, जैसा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में कहा था।

श्री मोदी ने कहा कि पित्रोदा ने अमेरिकी कानून भारत में लागू करके देशवासियों की सम्पत्ति हड़पना चाहती है। अब कांग्रेस या तो स्वीकार करे कि उसका मकसद वही है जो पित्रोदा ने कहा है, या फिर देश से माफी मांगकर इस मुद्दे को अपने घोषणापत्र से वापस ले। छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन कांग्रेस की इस बदनीयती को अच्छी तरह भाँप रही है और कांग्रेस दो टूक बता देगी कि देश के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार देश के गरीबों, दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्ग का है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार में आने पर कांग्रेस की सरकार माताओं-बहनों के सोना-चांदी का हिसाब करेगी और जाँच करेगी, और फिर वह सम्पत्ति उनको बाँट देगी, जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बाँटने की बात कह रही है, घुसपैठियों को बाँटने की बात कह रही है। अपनी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाना देशवासियों को कतई मंजूर नहीं होगा। यह कांग्रेस की ‘अर्बन नक्सली सोच’ है। परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना आर्थिक साम्राज्य बना लिया है और अब उनकी नजर देशवासियों की सम्पत्ति पर पड़ गई है। देश की सम्पत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस खाता नहीं खुलना चाहिए‌ : साय

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जैसे सरगुजा संभाग में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का खाता नहीं खुला, सुपड़ा साफ हो गया वैसे ही लोकसभा चुनाव में भी सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ में कांग्रेस खाता नहीं खुलना चाहिए‌। पूरी 11 सीटें जिताकर मोदी जी को सौंपनी है। यह कोई साधारण चुनाव नहीं है। यह श्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। श्री मोदी देश की 140 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हुए 24 घंटो में 18 घंटे गांव, गरीब , किसान , युवा और महिलाओं की चिंता करते हुए काम करते हैं।‌ आज विश्व में देश की 140 करोड़ जनता का जो मान बढ़ा है वो मोदी जी की ही देन है। मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन पर काम कर रहे हैं। श्री साय ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था 36 वादे जनता से किए पर पूरा एक भी नहीं किया। भ्रष्टाचार के आरोप में इनके नेता और इनका साथ देने वाले अधिकारी जेल में बंद हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही 100 दिनों में मोदी जी की गारंटी को पूरा करने लगे हैं 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई है। किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस उनके खाते में हस्तांतरित कर दिया गया।‌ 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3,100 रूपए की दर से की गई। महिलाओं को महतारी वंदन योजना की दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है।‌ तेंदुपत्ता संग्राहकों को 5,500 प्रति मानक बोरा खरीदी की जाएगी। साय सरकार में सारे काम सांय-सांय हो रहें हैं। कांग्रेस पार्टी यह भ्रम फैला रही है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी भाजपा की सरकार बनते ही आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा परंतु मैं आप सभी को यह विश्वास दिलाता हूं कि आरक्षण खत्म नहीं होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button