छत्तीसगढ़प्रादेशिक समाचार

हेमचंद मांझी लौटाएंगे पद्मश्री सम्‍मान, नक्सलियों ने वैद्यराज के खिलाफ फेंके पर्चे

नारायणपुर।  अबूझमाड़ में सुरक्षा बल से लगातार मात खा रहे नक्सलियों ने रविवार की देर रात अबूझमाड़ क्षेत्र में बीएसएनएल के दो मोबाइल टावरों में आगजनी की है। नक्सलियों ने घटनास्थल पर छोटेडोंगर निवासी पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद मांझी के विरुद्ध पर्चे भी फेंके हैं। पुलिस के अनुसार छोटेडोंगर थाना से चार किलोमीटर दूर चमेली और गौरदंड गांव में निर्माणाधीन बीएसएनएल टावर में रविवार रात को नक्सलियों ने आग लगा दी। घटनास्थल पर कई बैनर पोस्टर भी लगाए हैं।

नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंदरुनी गांव के लोगों तक संचार सुविधा पहुंचाने के लिए बीएसएनएल कंपनी के टावर स्थापित किए जा रहे थे। शीघ्र ही इन गांव के लोगों तक मोबाइल कनेक्टीविटी की सुविधा देने की तैयारी की जा रही है, पर नक्सलियों ने टावर को आग लगा कर आम जनता के लिए सुविधा और विकास से संबंधित कार्य को रोकने का प्रयास किया है। नक्सली नहीं चाहते की लोग विकास की मुख्य धारा से जुड़े। हालांकि घटना के बाद आस-पास के क्षेत्र में जिला पुलिस बल व इंडियन तिब्बत बार्डर फोर्स के जवानों के द्वारा सर्च की कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा बल के एक अधिकारी ने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बल को लगातार सफलता मिल रही है। इससे क्षेत्र में नक्सल कैडर का मनोबल टूटा हुआ है। कई नक्सली सुरक्षा बल के संपर्क में हैं और आत्समर्पण करना चाहते थे। क्षेत्र में घट रहे नक्सल वर्चस्व को बनाए रखने के लिए नक्सलियों ने क्षेत्र में चर्चित पद्मश्री हेमंचद मांझी को निशाना बनाकर पर्चे फेंके हैं। इसके पीछे नक्सलियों की मंशा चर्चा में बने रहना है।

यहां बता दें कि पद्मश्री मांझी पांच दशक से निस्वार्थ भाव से क्षेत्र के लोगों का उपचार कर रहे हैं। कई असाध्य रोगों का उपचार वे जड़ी-बूटियों से करते हैं। जनमानस के लिए सेवा भाव को देखते हुए भारत सरकार की ओर से कुछ माह पहले ही उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

नक्सलियों ने फेंके गए पर्चे में पद्मश्री मांझी पर आमदई माइंस में दलाली करने का आरोप लगाते हुए देश से मार भगाने की बात लिखी है। इससे पहले नक्सलियों ने पद्मश्री मांझी के भतीजे कोमल मांझी की निर्मम हत्या कर दी थी। नक्सली धमकी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वैद्यराज को जिला मुख्यालय में सुरक्षा दी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button