प्रादेशिक समाचार

विष्णुदेव साय आज लेंगे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ

रायपुर. विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।
श्री साय को राजधानी के साइंस कालेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शाम चार बजे राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवायेंगे। इस मौके पर दो उप मुख्यमंत्रियों समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलायी जायेंगी।पहले शपथ ग्रहण कार्यक्रम दो बजे निर्धारित था लेकिन प्रधानमंत्री के भोपाल में शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद यहां लगभग साढ़े तीन बजे पहुंचने के मद्देनजर शपथ ग्रहण का समय बढ़ा दिया गया है।
कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा,केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया,उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ,असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा,गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत,हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर खट्टर,त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक शाह,मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव,महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस,भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन शामिल होंगे।इसके अलावा केन्द्रीय राज्यमंत्री बिशेश्वर तुडू एवं रामलाल अठावले तथा उत्तरप्रदेश के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड भी शपथग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मनोनीत मुख्यमंत्री साय ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को कल व्यक्तिगत रूप से फोन कर आमंत्रित किया है।
इस बीच शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मंच बनाए गए हैं,जिसमें बीच के मंच में शपथ ग्रहण होगा तथा एक ओर अतिविशिष्ट आमंत्रित व्यक्तियों तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच बनाया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं।
शपथ ग्रहण को ज्यादा से ज्यादा लोग देख सके इसके लिए एल.ई.डी.स्क्रीन भी लगायी गई है। मैदान में 50 हजार से अधिक लोगों की बैठक व्यवस्था की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगभग 1000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।

मुख्य संपादक यशवंत खेडुलकर

सह सम्पादक शैलेन्द्र चिटनवीस जशपुर जिला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button