
डायबिटीज की समस्या है तो इसे लाइफस्टाइल में बदलाव लाकर ठीक किया जा सकता है। दिल्ली के सीके बिरला हॉस्पिटल के वरिष्ट सलाहकार डायबिटीज व इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर त्रिभुवन गुलाटी ने हमारे पाठकों के सवालों के जवाब दिए हैं। आपके पैरों में सूजन है या किडनी से जुड़ी समस्या है तो जवाब आपके काम हो सकते हैं।
सवाल: मेरे पति की आयु 57 वर्ष है। हाल में उन्हें डायबिटीज हुई है। वे नियमित व्यायाम करते हैं। पैदल घूमते हैं। खान-पान का ध्यान रखते हैं। अक्ससर उन्हें सीधे पैर के निचले हिस्से में दर्द होता है। वे डॉक्टर की बताई विटामिन की दवा ले रहे हैं। यूरिक एसिड सही है। क्या इन्हें हमेशा शुगर की दवाएं लेनी होंगी या शुगर सामान्य होने पर वे इन्हें छोड़ सकते हैं?
जवाब: टाइप 2 डायबिटीज में खानपान का ध्यान रखना व नियमित व्यायाम महत्त्वपूर्ण हैं। साथ ही दवाएं लेना और समय-समय पर डॉक्टर से जांच करवाएं। टाइप 2 डायबिटीज लगातार बढ़ने वाला रोग है, इस कारण डीमाइलीनेटिंग पोलीन्यूरोपैथी जैसी जटिलताएं हो सकती हैं। यह आशंका है कि आपके पति इसी से पीड़ित हैं। इसकी पुष्टि नर्व कंडक्शन वेलोसिटी टेस्ट से होती है। दवाएं खुद से न छोड़ें। इसी से उनकी शुगर नियंत्रित रहेगी। साथ ही शुगर से होने वाली दूसरी जटिलताओं से बचाव हो सकेगा।
सवाल: मेरी मम्मी को पेट के निचले हिस्से में दर्द की शिकायत थी। अल्ट्रासाउंड में 1.5 सेमी. कैलक्युलस दिख रहा है? क्या यह सामान्य है? क्या करें?
जवाब: किडनी या मूत्रमार्ग में 1.5 से.मी. आकार का कैल्क्युलस काफी बड़ा माना जाता है। इसके लिए मेडिकल इंटरवेंशन जरूरी है। ऐसे मामलों में यूरोलॉजिस्ट से सलाह लें। पथरी की जगह और प्रकार के आधार पर कई विकल्प हैं- इनमें शॉकवेव थेरेपी, पथरी (स्टोन) का रेट्रोग्रेड रिट्रिवल, या परक्युटिनस एक्स्ट्रैक्शन शामिल है। आप यूरोलॉजिस्ट से तुरंत सलाह लें, ताकि उपचार जल्दी प्रारंभ हो सके।
सवाल: मेरी उम्र 55 साल है। पैरों में लंबे समय से सूजन है। दबाने पर त्वचा अंदर की ओर जाती है। पैरों में ऐंठन रहती है। विटामिन्स की दवाएं लेती हूं। पूरी राहत के लिए क्या करें?
जवाब: पैरों में सूजन के कई कारण हो सकते हैं। इसमें मोटापा, लंबे समय तक बैठे रहकर काम करना, कुछ खास तरह की दवाएं, वेरीकोज वेन्स, किडनी रोग, हृदय रोग, लीवर रोग तथा कुपोषण आदि कारण शामिल हैं। आप फिजिशियन से मिलें। वे मेडिकल हिस्ट्री व जांच के आधार पर इलाज तय कर सकेंगे।
सवाल: मुझे ठंड बहुत लगती है। चिड़चिड़ापन रहता है। बाल झड़ते हैं। मूड सही नहीं रहता। क्या यह बीमारी का लक्षण है?
जवाब: आप जिन लक्षणों का जिक्र कर रहे हैं, वे हाइपोथायरॉइडिज्म की ओर इशारा करते हैं। इसलिए आप अपनी थायरॉइड प्रोफाइल जांच करवाएं। आपको टोटल और फ्री थायरॉयड जांच करवानी होगी। आप डॉक्टर से मिल लें। सही समय पर ध्यान देने पर स्थिति पर काबू पाया जा सकता है। अन्यथा तकलीफ बढ़ जाती है।




