लोकसभा चुनाव को लेकर बुलाई कांग्रेस की बैठक में जमकर हंगामा

दुर्ग। दुर्ग लोकसभा चुनाव को लेकर बुलाई गई कांग्रेस की बैठक में दुर्ग निगम के कांग्रेसी पार्षदों सहित अन्य कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विधानसभा चुनाव के दौरान दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ भीतरघात करने वालों पर कार्यवाही की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ। बैठक में मौजूद कुछ पार्षद और कार्यकर्ता एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। हंगामा करीब घंटेभर तक चला इस दौरान मारपीट जैसी स्थिति भी निर्मित हो रही थी। वरिष्ठजनों ने समझाइश देकर विवाद का पटाक्षेप कराया उसके बाद बैठक शुरू हुई।
दुर्ग स्थित राजीव भवन में बुधवार दोपहर एक बजे दुर्ग लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में लोकसभा प्रत्याशी राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, प्रतिमा चंद्राकर, आरएन वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान पूर्व पार्षद प्रकाश गीते ने पार्षद मदन जैन और एमआइसी प्रभारी ऋषभ जैन पर विस चुनाव में दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ भीतरघात करने का आरोप लगाया।
पूर्व पार्षद प्रकाश गीते ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ जाने वालों को पार्टी से बाहर किया जाना चाहिेए। लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रकाश गीते दोनों पार्षदों को बैठक से बाहर निकाले जाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान शहर अध्यक्ष गया पटेल ने कहा कि लिखित शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद कई कांग्रेसियों ने प्रकाश गीते की बातों का समर्थन किया और पार्टी प्रत्याशी के विरोध में काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
हंगामा बढ़ने के साथ ही कुछ कांग्रेसी एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी लगाने लगे। विवाद को बढ़ता देख बैठक में मौजूद पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक-एक सीट महत्वपूर्ण है। हमें मिलजुलकर काम करना है और पार्टी प्रत्याशी को जीताना है। वोरा की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। विवाद के चलते बैठक करीब एक घंटे विलंब से शुरू हुआ।
पार्षद मदन जैन बैठक में शामिल होने पहले से ही पहुंच गए थे। विवाद के दौरान पहुंचे एमआइसी प्रभारी ऋषभ जैन मंच पर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठने का प्रयास कर रहे थे लेकिन पूर्व पार्षद प्रकाश गीते ने कुर्सी को फेंक दिया। कुर्सी फेंके जाने के बाद ऋषभ जैन मंच के सामने कांग्रेस के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठे।
दुर्ग निगम में कांग्रेस के पूर्व पार्षद रहे प्रकाश गीते दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनाव मे उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने पाटन विधानसभा क्षेत्र से विस चुनाव लड़ने के लिए पाटन ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष आवेदन कर अपनी दावेदारी पेश की थी। उस समय भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र से गीते की दावेदारी के बाद दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेता हरकत में आ गए थे। गीते से आवेदन वापस लेने कहा गया और पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय नेताओं को भूपेश बघेल के समझ अपनी सफाई भी देनी पड़ी थी।
कसारीडीह वार्ड के पूर्व पार्षद प्रकाश गीते ने कहा, विस चुनाव मे पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ भीतरघात करने वाले मदन जैन और ऋषभ जैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजीव भवन में हुई बैठक में अपनी बात रखी है। उक्त पार्षदों के खिलाफ शहर कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष लिखित शिकायत भी किया हूं। भीतरघातियों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए।
दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गया पटेल ने कहा, बैठक में कई बार इस तरह का विवाद हो जाता है। विवाद करने वालों को समझाइश दी गई है और चुनाव के मद्देनजर एकजुट होकर काम करने कहा गया है। पूर्व पार्षद प्रकाश गीते द्वारा की गई शिकायत के संबंध में अभी कुछ नहीं कहूंगा। यह मामला पार्टी स्तर का है। इस विषय पर पार्टी फोरम में विचार विमर्श किया जाएगा।
दुर्ग नगर निगम के पार्षद मदन जैन ने कहा, प्रकाश गीते ने किसके इशारे पर इस तरह की हरकत किया है यह सभी जानते हैं। जो चुनाव हारा है वह अपने कर्मों से हारा है। दूसरे के ऊपर भीतरघात करने का आरोप लगवाना गलत है। मैं 53 साल से कांग्रेस में हू और पार्टी के लिए ही काम करते आ रहा हूं।
दुर्ग नगर निगम के पार्षद ऋषभ जैन ने कहा, मैं जिस कुर्सी पर बैठने वाला था उसे फेंक दिया कहना गलत है, किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि कुर्सी फेंक दें। मेरे राजीव भवन पहुंचने के पहले ही विवाद शुरू हो गया था। चुनाव में भीतरघात हुआ है तो शिकायत प्रत्याशी को करना चाहिए। विवाद करने वाला किसका समर्थक है और किसके इशारे पर विवाद कराया गया है यह लोग समझ रहे हैं।