देश विदेश

देशभर में बदला मौसम का मिजाज, पड़ेगी कड़ाके की सर्दी; पहाड़ी इलाकों में होगी बर्फबारी

राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के कई जिलों में मंगलवार सुबह की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुई। दिल्ली में सुबह का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में सुबह का तापमान 13.8 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रहने की उम्मीद है। वहीं, 13 से 15 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री के करीब रह सकता है।

हिमाचल के इन इलाकों में होगी बर्फबारी

पहाड़ी इलाकों की बात करें तो आज हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के मुताबिक, 13 से लेकर 17 दिसंबर तक हिमाचल में मौसम साफ रहने का अनुमान है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की आशंका है।

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ बहुत अधिक सक्रिय नहीं है, परिणामस्वरूप इसका असर सिर्फ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी होगी। जिस वजह से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में ठंड अपना असर दिखाएगी

कैसा रहेगा एमपी-छत्तीसगढ़ का मौसम?

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। इसके अलावा, उत्तरी ओर से चली रही हवा की वजह प्रदेश में ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ठंडी और शुष्क हवाएं चलेगी।

बिहार में लुढ़केगा पारा

बात करें बिहार की तो मौसम विज्ञानी एसके पटेल ने बताया कि प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 24-26 और न्यूनतम तापमान 11-15 के बीच रहने की संभावना है। हफ्ते बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पछुआ से तापमान में अंतर आने के साथ ठंड में वृद्धि की संभावना है। इस दौरान अभी दिन में धूप निकलने के साथ मौसम शुष्क बना रहेगा।

झारखंड को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी कि रांची में न्यूनतम तापमान अगले पांच दिनों में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम में तेजी से हुए बदलाव का मुख्य कारण मिचौंग तूफान का ठहराव है।

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

बात करें दक्षिण भारत की तो तमिलनाडु-पुडुचेरी और केरल में आज बारिश की आशंका जताई जा रही है। त्रिशूर, मामल्लापुरम, उडुपी, मदुरई जैसे इलाकों में मध्यम से तेज बारिश होने की उम्मीद है।

मुख्य संपादक यशवंत खेडुलकर

सह सम्पादक शैलेन्द्र चिटनवीस जशपुर जिला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button